फुरसतगंज के जमालपुर रामपुर गांव में चुनाव पर चर्चा करते ग्रामीण। स्त्रोत : ग्रामीण
फुरसतगंज। अबकी गांव मा माहौल बनत अहै, सब केहू किरपा करे रहा तौ सीट तौ आराम से कब्जे में अहै। इसी बीच साथ में बैठा एक युवक संभावित दावेदार की बात कहते हुए कहने लगा कि भौकाल न बनावा। हमका पता अहै केतना वोट तोहार अहै।
पहिले ई बतावा कि सूची में आपन नाम देख्या अहै कि नाहीं। तभी बगल बैठे दूसरे साथी ने उसकी हां में हां मिलाई और बोला कि सही कहत अहैं...चुनाव तौ तब तड़ब्या जब सूची मा तोहार नाव होए...। फुरसतगंज की ग्राम पंचायत जमालपुर रामपुर में कुछ इसी तरह की चर्चाएं रोजाना गांव के नुक्क्ड़ पर हो रही हैं। बृहस्पतिवार को भी ग्रामीण गांव की एक नुक्कड़ पर चुनावी चर्चाओं में लोग मशगूल दिखे। एक उम्रदराज व्यक्ति ने चर्चा छेड़ते हुए कहा कि कहो चुनाव तौ अब नगीच आइ गा अहै। का कुछ सोचत अहा सब केउ। उसकी चर्चा को आगे बढ़ाते हुए एक युवक ने कहा कि एहि बार चुनाव आसान नाहीं अहै। बहुत मेहनत करै का परे, रुपियौ खर्च होए...तबौ बेल मड़ए चढि़ जाय तौ जाना।
इसी बीच एक संभ्रांत व्यक्ति पहुंचा और सबसे जयराम करने के बाद चुनाव की चर्चा में खुद को शामिल कर लिया। कहा कि सब जने सुना, अबकी माहौल हमरे पक्ष मा बनत अहै। सब केहू किरपा करे रहा तौ परधानी कै सीट आराम से कब्जे मा आई जाए। इस दौरान रामपुर के राकेश सिंह, पूरेनया गांव के राजेश यादव, नहर कोठी कठौरा के राम सुमिरन, पूरे बादे सिंह के प्रेम कुमार आदि मौजूद रहे।