02: गौरीगंज : हरदोइया गांव में घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी। -संवाद
- फोटो : AMETHI
मुसाफिरखाना (अमेठी)। शराब पीने से मना करने से नाराज अधेड़ ने रविवार देर रात अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। सोमवार सुबह भी वह शराब पीकर घर में पड़ा रहा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव छप्पर से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के गांव हरदोईया निवासी मनोहर आए दिन शराब पीकर घर पर हंगामा करता था। हर रोज उसके हंगामे से परेशान होकर दोनों बेटे सिकंदर लुधियाना तो जितेंद्र चंदीगढ़ में परिवार लेकर रहने लगे। घर पर दोनों आंखों से अंधी मनोहर की मां तथा पत्नी गायत्री (45) रहती थी। रोज की भांति रविवार देर रात मनोहर शराब पीकर घर आया और हंगामा करने लगा। पत्नी ने विरोध करते हुए शराब पीने से मना किया तो मनोहर को उसकी पत्नी की सीख नागवार लगी।
उसने वहीं रखी कुल्हाड़ी तथा डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ प्रहार किया जिससे गायत्री की मौत हो गई। पड़ोस के लोग हर रोज की तरह हंगामा करने की वजह से मौके पर नहीं आए। सोमवार सुबह जब गायत्री नहीं उठी तो पड़ोसी मौके पर आए तो देखा कि गायत्री छप्पर के नीचे मृत पड़ी है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही एसएचओ अमर सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी अफसरों को दी। सूचना मिलते ही सीओ अर्पित कपूर व एसपी डॉ. इलामारन जी. भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घर पर ही मौजूद आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सूचना पर पहुंचे दादरा निवासी गायत्री के भाई कालिका ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीएम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट होगी मौत की वजह
एसपी डॉ. इलामारन जी. ने कहा कि शराब के नशे में पति ने पत्नी की हत्या की है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। एसएचओ को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।