अमेठी सिटी। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत 23 जनवरी को मानव शृंखला बनाई जाएगी। इसमें सड़क सुरक्षा को लेकर संकल्प लिया जाएगा। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम राकेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। एआरटीओ सर्वेश सिंह ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान अयोध्या धाम को जोड़ने वाले समस्त मार्गों पर सुगम यातायात की व्यवस्था की गई है। लोगों को जागरूक करने के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर 23 जनवरी को स्कूली बच्चों के साथ मिलकर मानव शृंखला बनाई जाएगी। सड़क सुरक्षा शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन विद्यालय, तहसील व ब्लॉक स्तर पर किया जाएगा।
डीएम ने कार्यक्रम से संबंधित समस्त तैयारी हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिया। सीडीओ सूरज पटेल, एडीएम अर्पित गुप्ता, सीएमओ डॉ अंशुमान सिंह, सीओ मयंक द्विवेदी, अधिशासी अभियंता लोनिवि शैलेंद्र कुमार, डीआईओएस रीता सिंह, बीएससी संजय तिवारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, एनएचआई के अधिकारी सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।