अमेठी। जामो थाना क्षेत्र के दखिनवारा गांव निवासी इकबाल की बेटी शनिवार शाम गैस चूल्हे पर खाना पका रही थी। तभी अचानक गैस चूल्हे का पाइप सिलिंडर से निकलने से आग लग गई। इससे घबराकर इकबाल की बेटी शोर मचाती हुई बाहर भागी।
इस पर घर आए इकबाल के दामाद अकरम निवासी रस्तामऊ सिलिंडर बाहर निकालने पहुंच गए। तभी तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। इससे मकान का एक हिस्सा ढह गया और दूसरे हिस्से में दरार आ गई। जबकि अकरम घायल हो गया।
ग्रामीणों ने अकरम को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार ये परिवार पटाखा बनाता है। पटाखे में विस्फोट हुआ है। हालांकि सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर शिवाकांत पांडेय ने बताया कि घटना सिलिंडर फटने से हुई है। मौके पर कोई पटाखा या बारूद नहीं पाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।