अमेठी सिटी। गर्मी, उमस और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह आठ बजे से ही पंजीकरण काउंटर पर परचा बनवाने के लिए लंबी कतारें लग गईं। दोपहर तक अस्पताल परिसर मरीजों और तीमारदारों से खचाखच भरा रहा।
सबसे अधिक भीड़ फिजिशियन और बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी के बाहर दिखाई दी। सोमवार को अस्पताल में 969 नए मरीजों का पंजीकरण हुआ। इनमें 477 मरीज बुखार, 115 खांसी, 89 जुकाम और 86 मरीज ठंड लगने के साथ बुखार की शिकायत लेकर पहुंचे। इसके अलावा उच्च रक्तचाप और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीज भी बड़ी संख्या में आए।
बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर बाबूगंज की पूजा देवी अपने छह वर्षीय बेटे आर्यन को गोद में लेकर बैठी थीं। उन्होंने बताया कि बच्चे को चार दिनों से बुखार और जुकाम है। वहीं, संग्रामपुर के रमेश यादव ने बताया कि कई दिनों से बुखार और बदन दर्द की शिकायत के कारण उन्हें अस्पताल आना पड़ा।
फिजिशियन डॉ. अमित यादव ने बताया कि वायरल बुखार और सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गर्मी और उमस के कारण उच्च रक्तचाप के मरीज भी अधिक संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. लईक उज जमा ने बताया कि बच्चों में संक्रमण के मामले बढ़े हैं, इसलिए अभिभावकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। मरीजों की जांच कर उन्हें जरूरी उपचार दिया जा रहा है तथा गंभीर मरीजों की विशेष निगरानी की जा रही है।
गर्मी से बचाव के लिए बरतें सावधानी
पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
बासी और खुले खाद्य पदार्थों से परहेज करें।
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
बुखार, खांसी या जुकाम होने पर चिकित्सकीय परामर्श लें।
हाथों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
तेज धूप में निकलने से बचें।