तिलोई तहसील में आक्रोशित अधिवक्ताओं से वार्ता करते एसडीएम ।
अमेठी सिटी। तिलोई के तहसीलदार अभिषेक यादव की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड ने एक वरिष्ठ अधिवक्ता से अभद्रता की। इसे लेकर वकील आंदोलित हो गए। आक्रोशित वकीलों ने नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया और आरोपी होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान अदालतों में पीठासीन अधिकारी कोर्ट में नही बैठे और न्यायिक का कामकाज ठप रहा।
आरोप है कि मंगलवार की शाम वकील रविशंकर शुक्ल तहसीलदार के चैंबर में किसी काम से गए थे। आरोप है कि तभी उनकी सुरक्षा में तैनात होमगार्ड ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथापाई की। बुधवार को मामला वकीलों के संज्ञान में आया तो प्रकरण ने तूल पकड़ लिया। आंदोलन पर उतर आए। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह की अगुवाई में वकीलों की सभागार में बैठक हुई और निंदा की। इसके पश्चात वकीलों ने प्रदर्शन व नारेबाजी की। वकीलों का एक प्रतिनिधि मंडल एसडीएम अमित कुमार से मिला और कार्रवाई की मांग की।
एसडीएम ने वकीलों की मांग पर मोहनगंज पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता राम कृष्ण भारतीय, अनीस अहमद, राम सिंह, घनश्याम मिश्रा, विजय कुमार शुक्ला, सुरेश कुमार, एबी सिंह, शिव हर्ष सिंह, रन विजय सिंह, पंकज अवस्थी, श्याममूर्ति यादव, लवकुश तिवारी अभिषेक सिंह आदि वकील मौजूद रहे।