मुसाफिरखाना (अमेठी)। लालगंज–दादरा–हिंगलाज भवानी–दुवरिया मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य जल्द ही शुरू होने जा रहा है। सोमवार को गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का लालगंज चौराहे पर विधिवत शिलान्यास किया। यह सड़क परियोजना 18.72 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की जाएगी।
ढाई किलोमीटर लंबा मार्ग प्रतिदिन लगभग 40 हजार राहगीरों और कई गांवों के निवासियों के लिए प्रमुख रास्ता है। मार्ग की जर्जर स्थिति और चौड़ाई कम होने से वर्षों से आवागमन में दिक्कत हो रही थी। विधायक के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग की ओर आगणन तैयार कर शासन से स्वीकृति प्राप्त की गई और अब कार्यदायी संस्था का चयन कर निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है।
विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे अहम क्षेत्रों के लिए वरदान साबित होगी। यह मार्ग हिंगलाज भवानी मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों से जोड़ने के साथ-साथ ग्रामीणों के लिए राहत भरा सफर सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कार्य को समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।