अमेठी सिटी। पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन से जिले से गुजरने वाली दो ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह प्रभावित रहा। जम्मूतवी-हावड़ा हिमगिरि एक्सप्रेस 15 घंटे की देरी से मंगलवार देर शाम के बजाय बुधवार अलसुबह निहालगढ़ पहुंची। यात्रियों को मजबूरी में गर्मी में रात भर प्लेटफार्म पर ट्रेन की प्रतीक्षा करनी पड़ी। लखनऊ-सुल्तानपुर-वाराणसी रेल ट्रैक पर प्रत्येक सोमवार व बृहस्पतिवार को जम्मूतवी से रवाना होकर मंगलवार व शुक्रवार शाम 4:46 बजे निहालगढ़ में ठहराव के साथ हावड़ा को जाने वाली हिमगिरि एक्सप्रेस पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन से पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
मंगलवार को निहालगढ़ स्टेशन से इस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। हिमगिरि एक्सप्रेस 15 घंटा देरी से संचालित होकर बुधवार की सुबह 5:12 बजे निहालगढ़ पहुंची। प्रतिदिन जम्मूतवी से वाराणसी के बीच संचालित होने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस भी बुधवार को 15 घंटा विलंब से संचालित हुई।
लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक पर संचालित मुजफ्फरपुर-आनद विहार समर स्पेशल बुधवार को दो घंटा, लखनऊ-प्रयागराज संगम भी दो घंटे देरी से संचालित हुई। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।