मुसाफिरखाना (अमेठी)। क्षेत्र से गुजरने वाले लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेट्रोल पंप के पास रविवार शाम कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जगदीशपुर के मरौचा तेतारपुर गांव निवासी कार चालक सद्दाम (22) संग गांव के दिनेश मौर्य (35), महोना पश्चिम गांव निवासी सुशील कुमार (22) और पूरबगांव निवासी दिनेश पांडेय (50) किसी कार्य से वाराणसी गए थे। रविवार देर शाम लौटते समय मुसाफिरखाना से गुजरने वाले हाईवे पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में चारों लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश व सुशील की हालत नाजुक देख डाॅक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर विवेक सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया है। घायलों के परिजनों को सूचित किया गया है।