अमेठी सिटी। सोमवार को मतदान के बाद ईवीएम जमा कराने के दौरान यातायात व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कई रूटों पर डायवर्जन किया है। दोपहर तीन बजे से गौरीगंज में भारी वाहनों पर रोक लगाई गई है।
सुबह से ही जिले के सीमावर्ती थानों गौरीगंज, संग्रामपुर, पीपरपुर द्वारा प्रतापगढ़ बार्डर से, मुंशीगंज, मुसाफिरखाना द्वारा सुल्तानपुर बार्डर से, जगदीशपुर, बाजार शुक्ल द्वारा जनपद सुल्तानपुर व अयोध्या बार्डर से, इन्हौंना व मोहनगंज द्वारा बाराबंकी व रायबरेली बार्डर से, जायस व फुरसतगंज द्वारा रायबरेली से आने वाले भारी वाहनों जैसे-ट्रक, ट्रेलर, टैंकर, डंपर आदि का जिले में प्रवेश रोका जाएगा या उसे बदले हुए मार्ग से भेजा जाएगा।
ये बदलाव किए गए
- सुल्तानपुर की ओर से आने वाले जो वाहन रायबरेली की तरफ जाना चाहेंगे, उनको मुंशीगंज चौराहा पर बैरियर से डायवर्ट कर मुसाफिरखाना की ओर भेजा जायेगा जहां से मुसाफिरखाना हाइवे से चलकर जगदीशपुर जायस मोड़ से बायें मुड़कर गोरियाबाद होते हुए जायस कस्बे से दाहिने रायबरेली की ओर भेजे जायेंगे।
- रायबरेली की ओर से आने वाले जो वाहन सुल्तानपुर की तरफ जाना चाहेंगे उनको जायस-जगदीशपुर मोड़ से बायें मोड़कर गोरियाबाद होते हुए तेतारपुर मोड़ जगदीशपुर मोड़ हाइवे पर दाहिने मोड़कर आगे मुसाफिरखाना मुंशीगंज रोड पर दायें मोड़कर मुंशीगंज चौराहा से बायें सुल्तानपुर की ओर भेजा जायेगा ।
- मुंशीगंज की तरफ से आने वाले हल्के वाहन जैसे-कार आदि गौरीगंज-मुसाफिरखाना तिराहे से दाहिने मोड़े जायेंगे जो नेता रोड तिराहे से बायें मुड़कर जामो रोड पर दयालापुर तिराहे से बायें मार्ग होकर गांधीनगर तिराहा रायबरेली रोड से जायेंगे ।
- जायस की ओर से आने वाले हल्के वाहन गांधीनगर तिराहे से बायें होकर दयालापुर तिराहा जामो रोड पर निकलेंगे जो दयालापुर तिराहे से होकर नेता रोड तिराहे से दाहिने होकर मुसाफिरखाना तिराहा गौरीगंज से बायें मुड़कर सुलतानपुर की ओर जायेंगे।
- अमेठी की तरफ से आने वाले हल्के वाहन जैसे-कार आदि गौरीगंज महिला थाना मोड़ से दाहिने मुड़कर सुल्तानपुर रोड पर निकलेंगे जहां से बायें मुड़कर मुसाफिरखाना तिराहे से दाहिने मोड़े जायेंगे जो नेता रोड तिराहे से बायें मुड़कर जामो रोड पर दयालापुर तिराहे से बायें मार्ग होकर गांधीनगर तिराहा रायबरेली रोड से जायेंगे ।
- प्रतापगढ़ की तरफ से नवोदय विद्यालय गौरीगंज की तरफ आने वाले वाहन सैंठा तिराहे से ही ककवा रोड की तरफ डायवर्ट किये जायेंगे
- समस्त मतदान पार्टियों के वाहन नवोदय विद्यालय गौरीगंज में ईवीएम जमा होने के पश्चात जायस-रायबरेली की तरफ जाने वाले वाहन दुर्गन भवानी रोड होते हुये काजीपट्टी तिराहे से रायबरेली रोड पर जायेंगे व अमेठी की तरफ जाने वाले वाहन सैंठा तिराहे से बायें ककवा की तरफ डायवर्ट किये जायेंगे।
- जब तक सभी ईवीएम जमा नहीं हो जाएंगी, तब तक एसीसी सीमेंट फैक्ट्री से कोई भी वाहन सड़क पर नहीं आएगा।