मुसाफिरखाना। एसडीएम के स्थानांतरण की मांग को लेकर शुक्रवार को बार एसोसिएशन अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ला के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला। अधिवक्ताओं ने एसडीएम अभिनव कनौजिया के खिलाफ शिकायतें रखते हुए उनका स्थानांतरण करने की मांग की। उधर, अधिवक्ताओं द्वारा न्यायिक कार्य न किए जाने से शुक्रवार को भी वादों की सुनवाई ठप रहने से वादकारियों को काफी परेशानी उठाना पड़ी।
अध्यक्ष ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए पूर्व में भेजी गई शिकायतों का हवाला देते हुए कहा कि मौजूदा स्थिति में एसडीएम का स्थानांतरण आवश्यक है। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि शिकायतों की जांच पूरी कर रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। शासन के निर्देश पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी। जिलाधिकारी से मिलने के लिए अधिवक्ताओं के जाने के कारण शुक्रवार को तहसील में न्यायिक कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा। विभिन्न अदालतों में सूचीबद्ध मामलों की सुनवाई नहीं हो सकी।
एसडीएम की अदालत में 42, एसडीएम न्यायिक में 77, तहसीलदार की अदालत में 60, नायब तहसीलदार मुसाफिरखाना में 25 और नायब तहसीलदार जगदीशपुर की अदालत में 34 मामलों की सुनवाई प्रस्तावित थी। अधिवक्ताओं की अनुपस्थिति के कारण वादकारियों को बिना सुनवाई के ही वापस लौटना पड़ा। अगली तारीख मिलने से लोग निराश नजर आए। न्यायिक कार्य प्रभावित होने से तहसील परिसर में दिनभर सन्नाटा रहा।