अमेठी सिटी। मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस संग स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच शुरू कर दी है। जांच टीम ने बुजुर्ग के भर्ती होने से लेकर किए उपचार से जुड़े दस्तावेजों का परीक्षण करते हुए डॉक्टरों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के बाद विसरा सुरक्षित किया गया है तो स्वास्थ्य विभाग की टीम संग पुलिस जल्द मामले में कार्रवाई का दावा कर रही है।
गौरीगंज थाना क्षेत्र के मऊ गांव निवासी शिवराम मिश्र (75) की बुधवार देर शाम मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल में उपचार के दौरान ऑपरेशन थियेटर में मौत हो गई थी। इस मामले में उनके पुत्र देव प्रकाश मिश्र ने डॉ. संजय द्विवेदी के शराब के नशे में होने व ऑपरेशन थिएटर में मौजूद डाॅक्टरों की लापरवाही से पिता की मौत होने का आरोप लगाया था। इस मामले में पीड़ित परिजनों के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने डॉ. सत्येंद्र तिवारी व टीम के सदस्य डॉ. संजय द्विवेदी, डॉ. प्रशांत द्विवेदी व डॉ. अपूर्वा मिश्र के खिलाफ केस दर्ज किया था।
इतना ही नहीं सीएमओ ने भी एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद मिश्र, डॉ. पीके उपाध्याय और फिजिशियन डॉ. अमित यादव की टीम गठित कर पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की। मामले की जांच पुलिस संग गठित टीम ने शुरू कर दी है। स्वास्थ्य टीम ने अस्पताल पहुंच कर बुजुर्ग के भर्ती होने से लेकर किए उपचार से जुड़े दस्तावेजों का परीक्षण करते हुए डॉक्टरों के बयान दर्ज किए। हालांकि टीम अभी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने से पुलिस अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित टीम की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
एसएचओ शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम की जांच रिपोर्ट से उपचार में लापरवाही की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों संग परिजनों के बयान दर्ज होने व उपचार से जुड़े दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।