गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना वायरस को लेकर जिले का स्वास्थ्य महकमा अलर्ट पर है। विभाग की ओर से जहां जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड बनाते हुए कर्मचारियों को नामित कर आवश्यक औषधि उपलब्ध कराई गई है वहीं एक एंबुलेंस रिजर्व कर दी गई है। कोरोना वायरस के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी देने के लिए स्वास्थ्य विभाग पंफलेट व होर्डिग्स पोस्टर के माध्यम से प्रचार प्रसार कराने की तैयारी में है।
पिछले तीन दिनों से देश में कोरोना वायरस के मरीज मिलने के बाद सरकार ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री दो दिन से लगातार अफसरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। शासन के निर्देश पर जिले का स्वास्थ्य महकमा इन दिनों अलर्ट पर है।
सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने बताया कि जिला अस्पताल में एक आइसोलेशन वार्ड व प्रसाधन कक्ष सुरक्षित कर दिया गया है। वार्ड में चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती करते हुए उन्हें सभी संसाधन मुहैया करा दिए गए हैं। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करा दी गई है।
कहा कि ऐसी कोई सूचना पर तत्काल रिस्पांस देने के लिए एक एंबुलेंस आरक्षित कर दी गई है। सावधानी बरतने के लिए अस्पताल के सभी कर्मियों को मास्क आदि मुहैया करा दिए गए हैं। जिला मुख्यालय पर ऐसे मरीज मिलने की स्थिति में आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध हैं।
यह है कोरोना वायरस
सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना एक तरह का संक्रमित वायरस है। यह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में संक्रमण के जरिए फैलता है। इसके लक्षण निमोनिया की तरह होते हैं।
यह हैं कोरोना के लक्षण
सीएमओ ने बताया कि कोरोना वायरस होने पर व्यक्ति को सिर दर्द, सांस लेने में परेशानी होना, ज्यादा छींक आना, खासी, बुखार व किडनी फेल होना इसके प्रमुख लक्षण हैं।
ऐसे करें बचाव
कोरोना वायरस से बचाव के लिए अपने हाथ साबुन और पानी या अल्कोहल युक्त हैंडरब से साफ करें। खांसते व छींकते समय अपनी नाक और मुंह को टिश्यू या मुड़ी हुई कोहनी से ढकें। जिन्हें सर्दी या फ्लू जैसे लक्षण हों तो उनके साथ करीबी संपर्क बनाने से बचें तथा ऐसे व्यक्ति से कम से कम ढाई फिट की दूरी बनाए रखें।
ऐसे फैलता कोरोना वायरस
सीएमओ ने बताया कि मानव कोरोना वायरस आमतौर पर एक संक्रमित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलता है। यह खुली हवा में खांसने तथा छींकने से, नजदीकी व्यक्तिगत संपर्क जैसे कि छूना या हाथ मिलाना, किसी संक्रमित वस्तु या सतह को छूना फिर बिना हाथ धोए अपने नाक, मुंह या आंखों को छूने से फैल जाता है।
कंट्रोल रूम स्थापित
डीएम अरुण कुमार ने स्वास्थ्य विभाग को कोरोना से डरो न अभियान की शुरूआत कर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया है। डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने कंट्रोल रूम की भी स्थापना कर दी है। सीएमओ ने बताया कि उनकी ओर से कंट्रोल रूम का नंबर 9889743094 है। किसी भी सूचना पर तत्काल कोई भी व्यक्ति जारी नंबर पर डॉ. अजय सिंह ने वार्ता कर उन्हें सूचित कर सकता है।