अमेठी सिटी। होली को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल से लेकर सभी सीएचसी में इमरजेंसी की सुविधाओं को बढ़ाया गया है। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों को ऑन कॉल रखा गया है। आकस्मिक सेवाओं की जरूरत पड़ने पर अस्पताल में वार्ड भी आरक्षित किए गए हैं।
होली के दिन चिकित्सकों की छुट्टी निरस्त कर दी गई है। होली पर लोग जमकर मस्ती करते हैं। मिलावटी रंग से लोग बीमार होते हैं। ज्यादातर लोग नशे में होने से बाइक लेकर फिसलते हैं। ऐसे में घायलों की संख्या में वृद्धि होती है। होली के दिन उन्हें उपचार मिल सके, इसे लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर है। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तीन मार्च की शाम से ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती होगी। वहीं जिले में आंख व त्वचा रोग विशेषज्ञों को ऑन कॉल रखा गया है।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में 20 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की गई है। वहीं जिला अस्पताल में 10 व सीएचसी पर पांच-पांच अतिरिक्त बेड का वार्ड तैयार किया गया है। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि होली के दिन जिला अस्पताल में 24 घंटे विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती होगी। दवाओं का पर्याप्त स्टॉक है। जरूरत पर चिकित्सक ऑन काल भी होंगे।
दुर्घटना बहुल क्षेत्रों के पास रहेंगी एंबुलेंस
जिले में ब्लैक स्पॉट व करीब 10 स्थानों पर हादसे होने की संभावना रहती है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन स्थानों के आसपास एंबुलेंस रखने के निर्देश दिए गए हैं। अगर इन स्थानों पर लोगों की लापरवाही से हादसा होता भी है तो उन्हें एंबुलेंस के जरिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।