फुरसतगंज (अमेठी)। जायस थाने के शेखाना मोहल्ले में शुक्रवार को विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला है। इस मामले की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। अभी तक घटना के कारण का पता नहीं चला है। जायस थाने के शेखाना मोहल्ला निवासी जान मोहम्मद की पत्नी सूफिया बृहस्पतिवार को भोजन करने के बाद अपने तीन वर्षीय बच्चे के साथ कमरे में सोने चली गई। जान मोहम्मद किसी काम से बाहर गया था। रात में लौटने के बाद जान मोहम्मद कमरे के बाहर चारपाई पर सो गया। शुक्रवार भोर में कमरे से बेटे के रोने की आवाज सुनकर जान मोहम्मद से सूफिया को आवाज लगाई, दरवाजा भी खटखटाया लेकिन, कोई जवाब नहीं मिला।
खिड़की से देखा तो सूफिया फंदे से लटकती मिली। दरवाजा तोड़ कर कमरे में प्रवेश किया तो फंदे से लटकी सूफिया की मौत हो चुकी थी। पुलिस कर्मियों ने शव को फंदे से उतारते हुए कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के मायके रायबरेली जिले के मिल एरिया थाने के तकिया गांव निवासी पिता लाल मोहम्मद को दी।
एसओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। जिसके बाद प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।