शाहगढ़ (अमेठी)। डीफार्मा की पढ़ाई कर रहे छात्र का शव घर में फंदे से लटकता हुआ मिला। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिवार के इकलौते बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाली क्षेत्र मुंशीगंज बुधई का पुरवा मजरे गढ़ामफी निवासी सचिन कश्यप (20) शुक्रवार सुबह लगभग आठ बजे नित्यक्रिया के बाद दूसरी मंजिल के कमरे में चला गया। परिजनों के अनुसार खाना खाने के लिए उसकी मां बुलाने के लिए जब कमरे मेें गई तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। मां की चीख सुनकर लोग मौके पर एकत्र हो गए। मामले में पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम से कराने से मना कर दिया। इसके बाद शव का पंचनामा कर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
-
पढ़ने में होनहार था सचिन
मृतक छात्र सचिन के बाबा रामनाथ ने बताया कि वह पढ़ने में होनहार था। वह फार्मा की पढ़ाई कर फार्मासिस्ट बनना चाहता था। दो दिन पहले ही उसका फार्मा का रिजल्ट भी आया है, जिसमें वह पास हो गया है। परिजनों का कहना है कि कई दिनों से वह किसी बात से परेशान लग रहा था। वह परिवार का इकलौता बेटा था।