अमेठी सिटी। शैक्षिक सत्र 2025-26 की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 28 नवंबर से शुरू होंगी। जिले के परिषदीय विद्यालयों में तीन दिसंबर तक
चलने वाली परीक्षाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक परीक्षा होगी।
जिले के 1570 परिषदीय विद्यालयों में 1.52 लाख से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत हैं। कक्षा एक की परीक्षा मौखिक होगी। कक्षा दो व तीन में लिखित और मौखिक दोनों का समान भारांक रखा गया है। कक्षा चार व पांच में लिखित परीक्षा 70 प्रतिशत और मौखिक 30 प्रतिशत भारांक के साथ संपन्न होगी।
कक्षा छह से आठ तक की परीक्षा केवल लिखित रूप में होगी। यह परीक्षा 50 अंकों की होगी, जिसमें बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय व दीर्घ उत्तरीय प्रश्न रहेंगे। लिखित परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित है। मौखिक परीक्षा का समय प्रत्येक विद्यालय में प्रधानाध्यापक अपनी सुविधा अनुसार तय करेंगे। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सभी प्रश्नपत्र तैयार कर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराएगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी ने बताया कि परीक्षा के संबंध में सभी बीईओ को दिशा-निर्देश भेज दिए गए हैं। प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिकाएं, रजिस्टर और परीक्षा से जुड़े अभिलेख विद्यालयों में सुरक्षित रखे जाएंगे। परिणाम घोषित होने वाले दिन विद्यालय स्तर पर छात्रों और अभिभावकों की बैठक होगी। इस बैठक में मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाएं अभिभावकों को दिखाई जाएंगी।