जगदीशपुर ब्लॉक सभागार में आयाेजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते प्रभारी एवं राज्य मंत्री सतीश च
- फोटो : जगदीशपुर ब्लॉक सभागार में आयाेजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते प्रभारी एवं राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा।
जगदीशपुर। प्रभारी एवं राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा बुधवार को अमेठी पहुंचे। स्थानीय ब्लॉक सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने जीएसटी 2.0 की विस्तृत जानकारी साझा की। मंत्री ने कहा कि नई कर व्यवस्था किसानों, महिलाओं, युवाओं और छोटे व्यापारियों सभी के लिए फायदेमंद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कर दरों को घटाने का निर्णय लिया था। इसके बाद नवरात्र के पहले दिन से पूरे देश में जीएसटी 2.0 लागू हो गया।
मंत्री ने बताया कि अब केवल दो दरें रहेंगी। पांच प्रतिशत और अठारह प्रतिशत। यह सुधार सरलीकरण और बचत का उत्सव है। नई प्रणाली से कर चुकाने में पारदर्शिता आएगी और उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा। अब वस्तुओं और सेवाओं पर कर स्पष्ट रहेगा। इससे न केवल कारोबारियों को सुविधा होगी, बल्कि उपभोक्ताओं को भी सस्ते दाम पर सामान मिल सकेगा।
सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि जीएसटी 2.0 ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देगा और युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले को ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह कदम भारत को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा। इसे उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ठोस प्रयास करार दिया। विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों में टॉफी पर भी 24 प्रतिशत जीएसटी वसूला जाता था, जबकि आज वही घटकर पांच प्रतिशत रह गई है। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि राकेश विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।