. गौरीगंज बाजार में साड़ी की डिजाइन देखती महिला।-संवाद
अमेठी सिटी। वैवाहिक सीजन में साड़ियों की खरीदारी को लेकर महिलाओं की पसंद में बदलाव दिख रहा है। भारी कढ़ाई वाली पारंपरिक साड़ियों के साथ हल्के कपड़े की ऑर्गेंजा साड़ियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। फूलों की कढ़ाई, पर्ल वर्क और आकर्षक बॉर्डर वाले डिजाइन महिलाओं को लुभा रहे हैं। शादी में पहनने के साथ रिश्तेदारों को उपहार देने के लिए भी इनकी खरीदारी हो रही है।
गौरीगंज के बाजार में शादी की खरीदारी के लिए जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से परिवार पहुंच रहे हैं। ऑर्गेंजा के अलावा बनारसी, कांजीवरम, टिश्यू, सिल्क और जॉर्जेट साड़ियों के भी ग्राहक हैं। दुल्हन के लिए बनारसी और कांजीवरम की पारंपरिक डिजाइन वाली साड़ियां पसंद की जा रही हैं।
टिकरिया गांव की राधा सिंह ने बताया कि परिवार में शादी है। बेटी और बहू के लिए ऑर्गेंजा के साथ बनारसी साड़ी भी देख रही हैं। पंडरी गांव की सुनीता यादव ने बताया कि उन्हें हल्की साड़ियां पसंद हैं। ऑर्गेंजा और जॉर्जेट के ऐसे डिजाइन देख रही हैं, जिन्हें शादी के बाद दूसरे आयोजनों में भी पहना जा सके। सोंगरा गांव की मीना देवी बेटी की शादी के लिए बनारसी और टिश्यू साड़ी पसंद कर रही हैं। साड़ी विक्रेता अजय गुप्ता ने बताया कि इस सीजन में ऑर्गेंजा, बनारसी और टिश्यू साड़ियों की मांग है।