अमेठी। बाजार शुकुल ब्लॉक के महोना पूरब गांव में विकास कार्यों में 7.94 लाख रुपये की गड़बड़ी का मामला सामने आया है। जांच में पुष्टि होने के बाद प्रधान के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए गए हैं। साथ ही तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है। प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए जिला कृषि अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बाजार शुकुल ब्लाॅक की ग्राम पंचायत महोना पूरब के गांव पूरे औसान निवासी सालिक राम मिश्र ने अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा था। विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाया गया था। इस मामले की जांच डीएम ने जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को सौंपी थी। जांच में हैंडपंप मरम्मत एवं रिबोर, स्ट्रीट लाइट, कूड़ादान खरीद में बिना काम कराए कराए व सामग्री कय किए अधिक धनराशि का भुगतान करने सहित कई अन्य गंभीर मामले आए।
जांच रिपोर्ट के अनुसार 7.94 लाख रुपये की अनियमितता की गई है। इस पर ग्र्राम प्रधान से जवाब मांगा गया था, जवाब संतोषजनक न मिलने पर कार्रवाई की गई है।
डीपीआरओ श्रीकांत यादव ने बताया कि ग्राम प्रधान कमाल अब्बास का वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। अंतिम जांच जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह को सौंपी गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव ने बताया कि गठित कमेटी के सदस्य विकास कार्य को चालू रखेंगे। जिससे ग्राम पंचायत का विकास कार्य प्रभावित न होने पाए।
वहीं, ग्राम प्रधान कमाल अब्बास का कहना है कि आरोप निराधार है। जांच अधिकारी ने दबाव वश गलत रिपोर्ट की है। डीएम व डीपीआरओ को पत्र देकर दोबारा से जांच की मांग की है। आरोप है कि अफसरों ने उनकी नहीं सुनी।
जांच में यह मिली गड़बड़ी
हैंडपंपों की कई बार मरम्मत कराई
- 120 स्ट्रीट लाइट पर खर्च 2,27,500 रुपये का भुगतान बिना एमबी के अनियमित तरीके से किया गया गया।
- विभिन्न निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों के मजदूरी का भुगतान उनके खाते में न कर दयानंद के खाते में 134831 रुपये व रामगोपाल के खाते में 88873 रुपये का भुगतान नियम विरुद्ध किया गया।
- गया प्रसाद के बाग से बड़े तालाब तक नाला खुदाई पर 145680 रुपये की धनराशि बिना एमबी के भुगतान कर दी गई।
- पतइया पुल से चौरा तालाब तक नाला सफाई पर खर्च 197640 रुपये का भुगतान बिना एमबी के कर दिया गया।
दो सचिव और प्रधानों को नोटिस
बाजार शुकुल की ग्राम पंचायत मकदूमपुर कला में श्रमिकों की मजदूरी का पैसा प्रधान के ससुर के खाते में 3.18 लाख रुपये भेजने पर सचिव व प्रधान को नोटिस जारी की गई है। संग्रामपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत धोये के प्रधान व सचिव को हैंडपंप रिबोर में अनियमितता पर नोटिस जारी की गई है।