गौरीगंज (अमेठी)। अमेठी मेें ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद पहला दिन बिना प्रशासक के बीत गया। शनिवार को जिले में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व केंद्रीय मंत्री स्मृति की मौजूदगी में आयोजित सरकारी कार्यक्रम की वजह से प्रशासक नामित नहीं हो सके। डीपीआरओ की ओर से मिले प्रस्ताव की फाइल पर देर शाम विचार शुरू हुआ।
जिले में ग्राम पंचायतों की कुल संख्या 682 है। 25 दिसंबर की रात 12 बजे इन ग्राम पंचायतों के निर्वाचित ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो गया। चुनाव होने तक ग्राम पंचायतों में विकास कार्य संपादित करने के लिए प्रशासक नामित होने हैं। जिला प्रशासन को शुक्रवार देर रात पंचायती राज अनुभाग-3 की ओर से इस संबंध में भेजा गया पत्र मिला।
अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह की ओर से भेजे गए पत्र मेें सभी ब्लॉकों में सहायक विकास अधिकारी को प्रशासक नामित करने का निर्देश दिया गया है। चूंकि शनिवार को जिले में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के नेतृत्व में जवाहर नवोदय विद्यालय में बड़ा सरकारी कार्यक्रम था इसलिए दिन में प्रशासक नामित नहीं किए जा सके।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने इस संबंध में प्रस्ताव की पत्रावली डीएम अरुण कुमार को भेज दी। डीएम ने बताया कि पत्रावली मिली है। विचार चल रहा है। जिन ब्लॉकों में एडीओ हैं वहां एडीओ और जहां नहीं हैं वहां सक्षम अधिकारी को प्रशासक नामित कर पंचायतों में विकास कार्य को गति दी जाएगी।