अमेठी। पीडीए परिवार की ताकत के सामने भाजपा सरकार को झुकना पड़ रहा है। सपा सांसद के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को धमकियां मिल रही हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए के नेतृत्व में प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। ये बातें रविवार को अमेठी विधानसभा क्षेत्र के मठिया मजरे सरैया मोहन गांव में सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव के बड़े भाई के विवाहोपरांत वर-वधू को आशीर्वाद देने सपा मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश पर पहुंचे सपा मुख्य सचेतक व आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहीं।
जातिगत जनगणना पर उन्होंने कहा कि इस सरकार में पीडीए का शोषण हो रहा है। सांसद ने केंद्र सरकार के जातीय जनगणना कराने के फैसले को समाजवादियों की जीत बताया। पीडीए और समाजवादियों की ताकत के सामने केंद्र सरकार को मजबूरन यह फैसला लेना पड़ा है। जातिगत जनगणना को लेकर सबसे पहले सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मांग रखी। सपा मुखिया ने कहा था कि अगर सरकार जातिगत जनगणना कराए तो कराए, नहीं तो पीडीए की सरकार बनने के बाद वह जातिगत जनगणना कराएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पिछड़ों, दलितों पर किस कदर अत्याचार हो रहा है, यह सभी देख रहे हैं। सरेआम सपा सांसद रामजी सुमन को मारने की कोशिश की जा रही है। उनके समर्थन में आए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी धमकियां मिल रही हैं। ये धमकियां अखिलेश व रामजी सुमन को नहीं, पूरे पीडीए समाज को दी जा रही हैं। ये धमकी बीजेपी के सामंतवादी लोग दे रहे हैं। अमेठी में भी पीडीए परिवार ने इतिहास रचा है। इस मौके पर पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, पूर्व एमएलसी राजेश राजू, विधायक महेंद्र नाथ यादव, विधायक पंकज पटेल, पूर्व एमएलसी रामनरेश, पूर्व विधायक संतोष पांडेय, सपा जिलाध्यक्ष राम उदित, पूर्व जिला अध्यक्ष सुल्तानपुर पृथ्वीपाल यादव आदि मौजूद रहे।