आंबेडकर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय अंडर-15 हैंडबॉल प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी।-संवाद
अमेठी। आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश के लिए आयोजित प्रदेश स्तरीय 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता का समापन शनिवार को हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश भर की टीमों ने हिस्सा लिया और लीग से लेकर फाइनल तक मुकाबले रोमांचक रहे। गोरखपुर की टीम ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता अपने नाम की।
लीग मुकाबलों में आजमगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी दावेदारी मजबूत की। पहले मैच में आजमगढ़ ने प्रयागराज को 09-08 के अंतर से हराया। गोरखपुर ने कानपुर को 04-01 के अंतर से मात दी। आगरा ने देवीपाटन को 08-06 के अंतर से पराजित किया, जबकि बस्ती ने आगरा को 04-00 के अंतर से हराया। गोरखपुर ने प्रयागराज को 05-03 से हराया। आजमगढ़ ने कानपुर को 06-01 के अंतर से शिकस्त दी। प्रयागराज ने कानपुर को 09-03 तो बस्ती ने देवीपाटन को 04-03 के अंतर से हराया। अंतिम लीग मुकाबले में आजमगढ़ ने गोरखपुर को 10-07 के अंतर से हराया।
पहले सेमीफाइनल में गोरखपुर ने बस्ती को 08-07 के अंतर से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में आगरा ने आजमगढ़ को 11-08 के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में गोरखपुर ने आगरा को 06-04 के अंतर से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में आरएसएस के जिला प्रचारक पवन ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ज्योति शुक्ला (एनई रेलवे, गोरखपुर) और उपक्रीड़ाधिकारी लखीमपुर खीरी मो. इरफान, उपक्रीड़ाधिकारी मो. मोसर्रफ खां, अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी व प्रशिक्षक सचिन भारद्वाज, लवली तिवारी आदि मौजूद रहीं।