अमेठी के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में हैंडबॉल खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : अमेठी के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में हैंडबॉल खेलते खिलाड़ी।
अमेठी। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को हुए मुकाबलों में खेल, मजबूत डिफेंस और बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। पहले मुकाबले में गोरखपुर की टीम ने सोनभद्र को 19-13 के अंतर से हराया। मैच की शुरुआत से ही गोरखपुर ने बढ़त बना ली, जिसे अंत तक बरकरार रखते हुए आसान जीत हासिल की। दूसरे मुकाबले में प्रयागराज और मेरठ के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
दोनों टीमों के बीच अंतिम क्षण तक संघर्ष जारी रहा, लेकिन अंततः प्रयागराज ने 18-16 के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया। तीसरे मैच में वाराणसी और अमेठी छात्रावास के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला हुआ। वाराणसी ने बढ़त बनाते हुए 15-14 के अंतर से जीत दर्ज की। दिन के अंतिम और चौथे मुकाबले में एक बार फिर गोरखपुर की टीम मैदान पर छाई रही। गोरखपुर ने बस्ती को 23-16 के अंतर से हराते हुए प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा और लगातार दूसरी जीत दर्ज की। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बृहस्पतिवार को खेला जाएगा।