संग्रामपुर : रेल फाटक बंद होने के बाद जान-जोखिम डाल रेल पटरी से वाहन पार करते लोग। -संवाद
- फोटो : AMETHI
संग्रामपुर (अमेठी)। लखनऊ-वाराणसी रेलखंड के सहजीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर रेल लाइन उतारने वाली मालगाड़ी खड़ी हो जाने से दो घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहा। फाटक के दोनों तरफ लगभग तीन किलोमीटर तक रास्ता जाम हो गया। पैदल राहगीरों को ट्रेन पर चढ़कर फाटक पार करना पड़ा, वहीं बाइक सवार जैसे तैसे रेल लाईन पार करते दिखे। दोपहर 12:20 बजे से 2:20 बजे तक करीब दो घंटों तक फाटक बंद रहने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
अमेठी-अंतू रेलवे ट्रैक की पुरानी रेलवे लाइन को बदलने के लिए नई रेलवे लाइन स्पेशल मालगाड़ियों से इन दिनों रेलवे लाइन के समीप गिराई जा रही है। बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे के बाद अमेठी की तरफ से एक स्पेशल मालगाड़ी रेलवे लाइन को उतारने सहजीपुर फाटक पर पहुंची।
यातायात प्रभावित न हो इसलिए नई रेलवे लाईनों को क्रासिंग के समीप ही ट्रेन से गिराकर गैस कटर द्वारा रेलवे कर्मचारियों द्वारा काटा जा रहा था। रेलवे कर्मचारियों द्वारा एक लाईन काटी गई थी कि तब तक गैस कटर में प्रयुक्त होने वाली ऑक्सीजन समाप्त हो गई। इससे लाइन काटने का काम रुक गया।
ट्रेन का ज्यादातर हिस्सा क्रासिंग पर होने के कारण फाटक बंद था। वहीं रेलवे कर्मचारियों द्वारा इसके बाद दूसरा ऑक्सीजन सिलेंडर मंगा कर लाइन काट कर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। तब तक करीब दो घंटे से ज्यादा समय तक फाटक बंद होने के कारण दोनों तरफ लगे लगभग तीन किमी. जाम में एंबुलेंस व पुलिस वाहन भी फंसे नजर आए। सैकड़ों वाहन फाटक से वापस होकर अमेठी-कालिकन वाया लोहियानगर होकर प्रतापगढ़ के लिए निकले।
मिश्रौली रेलवे स्टेशन मास्टर केपी मीना ने बताया कि जिस ट्रैक पर नई पटरी गिराई जा रही थी उसका ब्लॉक 12:05 बजे से 3:00 बजे तक का था। रेलवे क्रासिंग पर ब्लॉक नहीं लिया गया था। तकनीकी समस्या के चलते ट्रेन को क्रासिंग पर रोकना पड़ा। जल्द ही समस्या का समाधान कर ट्रैक बहाल कर दिया गया था।
वहीं क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि क्रासिंग पर ब्लॉक की सूचना स्टेशन के अधिकारियों द्वारा सार्वजनिक नहीं की गई थी। आए दिन क्रासिंग पर जाम लगता है। अगर रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बन जाए तो समस्या का समाधान निकल जाए। इसके चलते दोपहर 12:20 बजे से 2:20 बजे तक फाटक बंद रहा।
संग्रामपुर : रेलवे क्रासिंग पर खड़ी मालगाड़ी व फाटक बंद होने से खड़े वाहन। -संवाद- फोटो : AMETHI