बाजारशुकुल (अमेठी)। दुष्कर्म से आहत एक युवती के जहर खाने का मामला आया है। युवती के परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इस मामले में परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर परेशान करने व दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बुधवार को उस समय जहर खा लिया, जब परिजन घर पर नहीं थे। दादा ने युवती को गंभीर हालात में देखकर आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। रास्ते में युवती ने परिजनों को बताया कि गांव का एक युवक उसे परेशान करता है। घर से बाहर नहीं निकलने देते हैं, उसे बहुत परेशान किए हैं। एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे आहत होकर उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया है। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालात नाजुक देख ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
थाने पहुंचे दादा ने पुलिस को तहरीर दी है। कहा है कि उसकी 18 वर्षीय पौत्री के साथ गांव के एक युवक ने दुष्कर्म किया। इससे अवसाद से ग्रसित होकर उसकी पौत्री ने बुधवार सुबह 10 बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। एसओ अवनीश चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की तलाश कर रही है।