जगदीशपुर (अमेठी)। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के अर्जुननगर वारिसगंज में रविवार को सड़क पर खेल रही बालिका कार की चपेट में आकर घायल हो गई। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अर्जुननगर वारिसगंज गांव निवासी पवन की पुत्री सकीना (6) रविवार को सड़क पर खेल रही थी। इसी बीच सड़क से गुजर रही कार की चपेट में आकर वह घायल हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। हादसे में घायल सकीना को जगदीशपुर स्थित ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिजन सकीना को लेकर लखनऊ जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
इसके बाद परिजन शव लेकर वापस अस्पताल पहुंचे, जहां पर मौजूद चिकित्सकों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। एसएचओ धीरेंद्र यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सकीना की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है।