जगदीशपुर (अमेठी)। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र में करीब दो माह पूर्व गायब हुई युवती संदिग्ध हालात में झुलसी हुई घर के पास पाई गई। युवती के भाई का आरोप है कि उसकी बहन को गायब करने वालों ने जला दिया है। दो महिलाओं सहित तीन लोगों पर केस दर्ज कराया है।
भाले सुल्तान थाना क्षेत्र के एक युवक ने शनिवार को पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि दो माह पूर्व गांव के ही एक व्यक्ति के रिश्तेदार सूरज की मां उसकी बहन (19) को घर से बुलाकर ले गई थी। इसके बाद सूरज उसे कहीं चला गया था। आरोप है कि वहीं एक महिला ने उस पर खौलता हुआ तेल डाल दिया था। शुक्रवार को सूरज की मां उसे गंभीर हालत में उसके घर के पास छोड़ कर चली गई।
बहन को झुलसी देख भाई ने सूरज, उसकी मां व एक अज्ञात महिला पर गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज करवाया। पुलिस ने युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। एसओ तनुज पाल ने बताया कि प्रकरण में युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
नहीं दर्ज किया था गुमशुदगी का केस
पीड़िता के भाई ने 24 मई को थाने में तहरीर देकर बहन के लापता होने की सूचना दी थी। तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक ने गुमशुदगी नहीं दर्ज की थी। एसओ भाले सुल्तान तनुज पाल ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही थाने का चार्ज संभाला है। युवती की गुमशुदगी के मामले की जानकारी उन्हें नहीं है।