अमेठी। सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का समापन करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले को छह अरब 99 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी है। बीएसए दफ्तर व वन स्टाप सेंटर समेत 112.57 करोड़ रुपये की 159 परियोजनाओं का सीएम ने लोकार्पण किया। साथ ही 587.22 करोड़ रुपये की कारागार व पुलिस लाइंस समेत 11 हजार 575 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने जिन कार्यों का लोकार्पण किया है, उनमें पीएचसी जायस, सैंठा, भटगवां, शाहमऊ, गोसाईगंज, सरेसर, सित्थन, फूला, इन्हौना व सातनपुरवा तथा सीएचसी अमेठी, भादर, भेटुआ, गौरीगंज, जामो व सिंहपुर में अतिरिक्त वार्ड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सांसद निधि के 25 कार्य, जिला पंचायत अमेठी के 101, लोक निर्माण विभाग की 15 सड़कें शामिल हैं।
वहीं, सकरावा में कारागार, पचेहरी में पुलिस लाइंस के अतिरिक्त सांसद निधि से दो, जिला पंचायत के 266, पशुपालन के 4, लोक निर्माण विभाग के चार तथा अल्पसंख्यक बाहुल्य सिंहपुर, बहादुरपुर, बाजार शुकुल तथा जगदीशपुर में प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के तहत 11297 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के अतिरिक्त मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास धर्मपाल सिंह, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव, राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, सांसद मनोज तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, विधायक जगदीशपुर सुरेश पासी, विधायक सलोन अशोक कोरी, सदस्य विधान परिषद गोविंद नारायण शुक्ल, शैलेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री भाजपा संजय राय, जिला अध्यक्ष भाजपा राम प्रसाद मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि के अतिरिक्त मंडलायुक्त अयोध्या गौरव दयाल, आईजी अयोध्या रेंज प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक डॉ इलामारन जी, मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा सहित अन्य मौजूद थे।