अमेठी। भारतीय किसान यूनियन (अम्बावत गुट) ने तहसील परिसर में समस्याओं को लेकर बैठक की। इसके बाद किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
तहसील परिसर में शुक्रवार दोपहर बाद भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों व किसानों ने बैठक की। इस दौरान निराश्रित पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया गया। उन्होंने मांग की कि इन पशुओं को जल्द से जल्द गोशाला भेजा जाए, ताकि उनकी मेहनत बर्बाद न हो। किसानों ने कहा कि फसलों के नुकसान से उनकी आजीविका खतरे में है।
किसानों ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा ऊर्जा निगम से किसानों को भेजे जा रहे गलत बिजली बिल को रोके जाने की मांग की है। नहरों में पानी की आपूर्ति समय पर सुनिश्चित करने और फसल के लिए समय पर खाद व बीज की उपलब्धता की मांग की है। प्रदर्शन के बाद किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष मनोज कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकोरी, जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार कोरी, महिला जिलाध्यक्ष आदि मौजूद रहे।