अमेठी। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से शुक्रवार को केशव नगर स्थित सरयू देवी सरस्वती विद्या मंदिर के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में टॉप 10 मेधावियों को सम्मानित किया।कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में युगतीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधि राधेश्याम त्रिपाठी, डॉ. त्रिवेणी सिंह, डॉ. दीपक सिंह, लाल अशोक सिंह ने मेधावी छात्रों को तिलक कर उन्हें गायत्री मंत्र का दुपट्टा व युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित सद्साहित्य भेंट कर सम्मानित किया।
विद्यालय प्रबंध तंत्र की ओर से प्रबंधक प्रेम महेश्वरी व प्रधानाचार्य अरविंद कुमार पांडेय ने मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस मौके पर शांतिकुंंज हरिद्वार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में कक्षा पांच से कक्षा 12 की परीक्षा में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जिला संयोजक राधेश्याम तिवारी द्वारा प्रशस्ति पत्र व साहित्य देकर सम्मानित किया गया।
विदित हो कि विद्यालय की हाईस्कूल की छात्रा प्रेरणा त्रिपाठी ने 580 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान के साथ ही प्रदेश में नौवां व विद्या भारती की प्रदेशीय मेरिट लिस्ट में तीसरा स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय, परिवार व अमेठी को गौरवान्वित किया। इस मौके पर प्रेरणा व उनके पिता प्रदीप त्रिपाठी को सम्मानित किया गया।
हाईस्कूल में द्वितीय स्थान पर आदित्य कुमार व अभिनव जायसवाल, तृतीय स्थान पर आर्यवीर सिंह के साथ ही विद्यालय में प्रथम दस स्थानों पर रहे आदित्य सिंह, ऋतिका गुप्ता, रागिनी सिंह, कनक त्रिपाठी, मो. सूफियान, निकिता तिवारी, अंकित यादव, खुशी व वर्तिका सोनी को सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में प्रतिज्ञा त्रिपाठी ने 471 अंक प्राप्त कर जिले में नौवां व विद्यालय में प्रथम, सूरज जायसवाल ने 462 अंक प्राप्त कर द्वितीय, साक्षी सिंह व ऋषभ चौधरी ने 453 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। टॉप 10 में की छात्रा रोजी, वैष्णवी, लक्ष्मी तिवारी, रेबेका, साक्षी मौर्या, सुहानी यादव, सूरज कुमार पाल, श्रेया शुक्ला व वर्तिका शुक्ला रही।
मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. दीपक सिंह ने कहा कि जीवन में बड़े लक्ष्य प्राप्ति के लिए उन्हें नियमित ध्यान और गायत्री मंत्र जप करने का सुझाव दिया। जिससे उन्हें एकाग्रता और स्मरण शक्ति बढ़ाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम को डॉ. त्रिवेणी सिंह के अलावा कई अन्य लोगों ने संबोधित किया।