गौरीगंज (अमेठी)। पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण निपटाने के साथ लोगों को असामाजिक तत्वों के भय से मुक्त करने के लिए जिले में छह माह में 26 लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। इन 26 लोगों में सात लोग उस ऐनी बुलियन कंपनी से जुड़े हैं जिस पर क्षेत्र के सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है।
डीएम अरुण कुमार ने बताया कि छह माह में आपराधिक प्रवृत्ति वाले 78 लोगों को जिले की सीमा से छह माह के लिए जिला बदर करने के साथ 26 लोगों के विरुद्ध गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है। जिले में ऐनी बुलियन नाम से चिटफंड कंपनी खोलकर जनता को 40 प्रतिशत वार्षिक ब्याज का लालच देकर धोखाधड़ी करके करोड़ों रुपये हजम करने वालों पर भी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हुई। इस मामले में मुख्य आरोपी अजीत कुमार गुप्ता, राम गोपाल गुप्ता व विष्णु कुमार गुप्ता निवासी कुमारगंज थाना कुमारगंज जिला अयोध्या, प्रदीप सिंह व देवनारायण निवासी 5/718 विराम खंड गोमतीनगर लखनऊ, लवलेश व रामबरन यादव निवासी पूरे बखत मजरे बस्तीदेई जिला अमेठी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा 2/3 (1) के तहत गैंगस्टर की कार्रवाई की गई। डीएम ने कहा कि किसी भी थाना क्षेत्र में जो भी असामाजिक तत्व लोकशांति व लोक सुरक्षा को भंग करने का प्रयास करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।