अमेठी सिटी। राजकीय इंटर कॉलेज टीकरमाफी में मंगलवार को आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कबड्डी में गणेश गुप्ता की टीम ने शानदार तालमेल और बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। लंबी कूद में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कबड्डी प्रतियोगिता में गणेश गुप्ता की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता टीम में प्रभात मिश्र, अर्जुन, सुमित, मुकेश, शिवम और निखिल शामिल रहे। दीपक यादव की टीम उपविजेता रही। इसमें बृजेश कश्यप, अभिषेक, सुफियान, अभिरत्न, शनि यादव और अल्तमस ने प्रतिभाग किया।
लंबी कूद प्रतियोगिता में शिवम पाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। बृजेश कश्यप द्वितीय और निखिल मौर्य तृतीय स्थान पर रहे। प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना मजबूत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ नियमित रूप से खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने का आह्वान किया।