जायस कस्बे में निकले गागर-चादर शरीफ के जुलूस में शामिल लोग। स्रोत आयोजक
अमेठी सिटी। जायस के महान सूफी संत हजरत मीर इमादुद्दीव किल्ची उर्फ मीर साहब बाबा का 1023वां दो दिवसीय सालाना उर्स सोमवार को हुआ। इस अवसर पर बाबा के आस्ताने से ऐतिहासिक गागर शरीफ और चादर शरीफ का भव्य जुलूस निकाला गया। इसमें तमाम लोग शामिल हुए।
जुलूस के दौरान मौलवी नाते पाक का पाठ करते रहे। जायस के राजा मीर साहब बाबा के जयकारों के साथ नारे तकबीर अल्लाहो अकबर, रिसालत या रसूल अल्लाह और सरकार की आमद मरहब जैसे नारे गूंजते रहे। हिंदू समाज के लोगों ने भी परंपरागत रूप से फूलमालाओं से स्वागत कर आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। कई स्थानों पर शरबत, पानी, चाय, फल, प्रसाद और लंगर की व्यवस्था भी की गई। जुलूस मोहल्ला कंचाना, महिला अस्पताल, गोरियाना सैदाना चौकी से होता हुआ देर शाम पुनः बाबा के आस्ताने पर पहुंचकर संपन्न हुआ।
जुलूस का नेतृत्व हकीम रिजवान अशरफ और मुस्लिम तकरीबात कमेटी के महासचिव हाजी इशरत हुसैन ने किया। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष मनीषा सिंह, पूर्व पालिका अध्यक्ष राम नारायण कनौजिया आदि मौजूद रहे।