अमेठी सिटी। समग्र शिक्षा अभियान में जिले के 35 राजकीय विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक की छात्राओं के कॅरिअर गाइडेंस के लिए सात लाख रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। प्रत्येक विद्यालय को 20 हजार की धनराशि दी जा रही है। कॅरिअर हब के लिए कक्ष का चयन, क्लब का गठन, शिक्षक-अभिभावक बैठक, कैरियर मेला आयोजन आदि गतिविधियां कराई जानी हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि विद्यालयों में करियर हब बनाने के लिए 9000 रुपये प्रति विद्यालय, शिक्षक अभिभावक बैठक के लिए प्रति विद्यालय 6000 रुपये, कॅरिअर मेला आयोजन के लिए प्रति विद्यालय 5000 रुपये की लिमिट जारी की गई है।
इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी क्षमता एवं अभिरुचि के अनुरूप विभिन्न कॅरिअर विकल्पों के बारे में जागरूक करना, मार्गदर्शन प्रदान करना, रोजगार के अवसरों से जोड़ना व कॅरिअर चयन में सहायता प्रदान करना है।
कॅरिअर हब कक्ष में होगी विशेष व्यवस्थाएं
प्रत्येक राजकीय माध्यमिक विद्यालय में कॅरिअर हब बनाने के लिए यथासंभव एक कक्ष की अलग से व्यवस्था की जाएगी। गाइडेंस के लिए नामित मॉडल शिक्षक के बैठने की व्यवस्था होगी। मौके पर प्रोजेक्टर, कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल आदि की व्यवस्था की जाएगी, जिससे विद्यार्थी कॅरिअर संबंधी वीडियो देख सकें। कमरे में विज्ञान, गणित, मानविकी, वाणिज्य, कला आदि से संबंधित अलग-अलग चार्ट बनाकर उनका प्रदर्शन किया जाएगा। कॅरिअर हब में एक प्रश्न बॉक्स लगाया जाए। इसके अलावा कई अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी।
चार विद्यार्थी, दो अभिभावक होंगे क्लब में शामिल
इसके लिए क्लब का गठन किया जाएगा। प्रधानाचार्य अध्यक्ष, नोडल शिक्षक सचिव, दो अभिभावक जिसमें एक महिला एवं एक पुरुष को शामिल किया जाना है। इसमें कक्षा नौ एवं कक्षा 11 में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी के अभिभावक रखे जाएंगे। चार छात्र-छात्राएं सदस्य के रूप में शामिल होंगे। संवाद