अमेठी सिटी। सौरमंडल में कितने ग्रह हैं, कोण कैसे बनता है और दूरी की अलग-अलग इकाइयों में क्या अंतर है, अब बच्चे इन सवालों को मॉडल देखकर समझ सकेंगे। पीएमश्री योजना के तहत चयनित 19 विद्यालयों में से एक में पांच लाख रुपये से विज्ञान एवं गणित गार्डन बनाया जाएगा। इसमें विज्ञान व गणित से जुड़े मॉडल लगाए जाएंगे। बच्चे इन्हें देखकर व गतिविधियों के जरिये विषयों को आसानी से समझ सकेंगे। गार्डन को दिसंबर तक तैयार करने का लक्ष्य है।
जिले के 1570 परिषदीय स्कूलों में करीब 1.32 लाख बच्चे पंजीकृत हैं। इनमें 19 स्कूल पीएमश्री योजना के तहत चुने गए हैं। इन्हीं में से एक स्कूल में गार्डन बनाया जाएगा। इसके लिए पर्याप्त जगह और बच्चों की आसान पहुंच वाले स्कूल का चयन किया जाएगा।
गार्डन में सौरमंडल मॉडल से बच्चे सूर्य और आठ ग्रहों के बारे में जानेंगे। कोण मॉडल से अलग-अलग कोण समझेंगे। दूरी मापक मॉडल से मिलीमीटर, सेंटीमीटर, मीटर और किलोमीटर के बारे में जानेंगे।
एबेकस से जोड़-घटाव और गणना का अभ्यास करेंगे। एक्स-वाई जियोबोर्ड पर बिंदु जोड़कर अलग-अलग आकृतियां बनाएंगे। मानव धड़ मॉडल से शरीर के प्रमुख अंगों की जानकारी मिलेगी। ट्रैफिक और दिशा टावर से यातायात संकेत और चारों दिशाओं की जानकारी दी जाएगी।
ये मॉडल होंगे खास
गार्डन में सोलर सिस्टम, ट्रैफिक टावर, दिशा टावर, दूरी मापक, कोण प्रदर्शन, फिजिकल बैलेंस, एबेकस, एक्स-वाई जियोबोर्ड और मानव धड़ के मॉडल लगाए जाएंगे। ड्रोन मॉडल से बच्चे उसके प्रमुख हिस्सों और काम करने का तरीका समझेंगे। एआर चार्ट के जरिये मानव विकास और सौरमंडल की जानकारी दी जाएगी।
दूसरे स्कूलों के भी सीखेंगे बच्चे
बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि गार्डन को मॉडल और प्रदर्शन पार्क के रूप में तैयार किया जाएगा। बच्चे यहां मॉडल देखकर विज्ञान और गणित को आसानी से समझ सकेंगे। दूसरे विद्यालयों के विद्यार्थी भी यहां भ्रमण कर सकेंगे। इसके लिए पर्याप्त जगह और बच्चों की आसान पहुंच वाले पीएमश्री विद्यालय का चयन किया जाएगा।