अमेठी। बुरा न मानो होली है... होली है भाई होली है.. की गूंज के बीच जिले में चहुंओर होली का उल्लास दिखा। कहीं अबीर गुलाल उड़ा तो कहीं पर रंगों की बारिश हुई। रविवार की देर रात व कहीं-कहीं सोमवार की सुबह परंपरा के अनुसार होलिका दहन हुआ। सुबह से ही युवाओं की टोली जगह-जगह अबीर गुलाल पिचकारी के साथ निकल पड़ी। गांव हो या शहर, हर जगह होली की धूम रही। बाल्टियों और पिचकारियों में रंग भरकर बच्चे छतों से राह चलते लोगों पर रंग फेंक कर मस्ती कर रहे थे, और बुरा न मानो होली है कहकर माफी भी मांग रहे थे। युवाओं की टोलियां गुजर रही थीं, वहां का नजारा देखने लायक था। डीजे की धुन पर लोग रंग से सराबोर थिरकते नजर आए।
दोपहर बाद होली मिलन का दौर चला। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष कंचन गुप्ता व अंकित श्रीवास्तव, केशा यादव की ओर से गौरीगंज स्थित वृद्धा आश्रम में बुजुर्गों को गुजिया खिलाकर होली का पर्व मनाया।
माता के दरबार में खेली होली - भौसिंहपुर, संग्रामपुर, कनू सरैयाकनू, सोनारीकनू आदि के गांव के ग्रामीण सुबह पाली में डीजे व हाथ में गुलाल लेकर कालिकन धाम परिसर खूब होली खेली। कालिकन धाम के पीठाधीश्वर श्रीमहराज ने बताया कि क्षेत्र में कोई भी मांगलिक व अन्य कार्यक्रम से पहले क्षेत्र वासियों द्वारा शक्तिपीठ कालिकन धाम से शुरुआत करने की परंपरा चली आ रही है।
सीआरपीएफ जवानों ने खेली होली
- भादर (अमेठी)। सीआरपीएफ सेंटर त्रिसुंडी में जीसी के डीआईजी राजेंद्र प्रसाद पांडेय कमांडेंट पीके राय, अभिषेक मिश्रा, आरके शर्मा आदि ने केंद्र के जवानों कार्मिकों के साथ होली खेली।
रामगंज में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष संजय जायसवाल साईं तो दुर्गापुर में अरुण वरनवाल, पवन यादव, अनिल कसौद्धन ने टीम के साथ लोगों को गुलाल अबीर लगा एक-दूसरे से आशीर्वाद लिया। दहियावा में एसपीसीए फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश सिंह ने लोगों के साथ होली का त्योहार मनाया ।
जगह-जगह हुआ फगुआ गायन
इन्हौना(अमेठी)। सोमवार की सुबह राजभवन सेमरौता के निकली फगुआ टोली ने सारे गांव का भ्रमण किया। टोली के सदस्यों ने गांव के प्रतिष्ठित शिव मंदिर बाबा उजियारनाथ से फाग गायन का शुभारंभ करते हुए हिमांशु अवस्थी व सोमनाथ अवस्थी के दरवाजे पहुंची। टोली के सदस्यों द्वारा फागुआ गायन किया गया जिससे वहां मौजूद ग्रामीण झूम उठे। फगुआ गायन के दौरान ठंडाई का लुत्फ उठाया। टोली ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य कर्ण बाजपेई,जानकी बाजपेई के दरवाजे से होते हुए रामजानकी मंदिर पहुंची।
-
सोशल मीडिया पर दिखा क्रेज
- युवा टोली बनाकर होली खेलते नजर आए। सोशल मीडिया के जरिये होली के रंग बिखेरे। सोशल मीडिया पर होली की धूम मची दिखाई दी। खूबसूरत मैसेज, शायरी व कविता आदि से सोशल मीडिया सराबोर रहा।
सतर्क रहा पुलिस प्रशासन
- होली को लेकर डीएम निशा अनंत, एसपी अनूप कुमार सिंह पल-पल की खबर लेते रहे। एडीएम अर्पित गुप्ता व एएसपी हरेंद्र कुमार ने पुलिस बल के साथ जगदीशपुर, जायस सहित कई इलाकों में भ्रमण किया। एसडीएम प्रीती तिवारी, सीओ लल्लन सिंह, प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह, मुसाफिरखाना सीओ अतुल सिंह व कोतवाल विनोद कुमार सिंह सहित सभी एसडीएम, थानाध्यक्ष एवं पुलिस फोर्स भ्रमणशील रही।