सिंहपुर। इन्हौना निवासी व्यापारी शैलेंद्र कुमार वर्मा साइबर ठगी के शिकार हो गए। व्हाट्सएप ग्रुप पर आई एपीके फाइल डाउनलोड करने के बाद साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 6,03,200 रुपये निकाल लिए। इन्हौना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शैलेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि उनके बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से पांच बार में रकम निकाली गई। पहले दो लेनदेन में 2.50-2.50 लाख रुपये, इसके बाद 50 हजार, 28,200 रुपये और 25 हजार रुपये की निकासी हुई। इस तरह कुल 6,03,200 रुपये खाते से निकल गए। बताया कि घटना से पहले दुर्गा पूजा समिति के व्हाट्सएप ग्रुप पर एपीके नाम की फाइल आई थी।
जानकारी के अभाव में उन्होंने फाइल डाउनलोड कर ली। इसके कुछ समय बाद खाते से लगातार रुपये निकलने के संदेश मिलने लगे। तब उन्हें साइबर ठगी का पता चला। थानाध्यक्ष विवेक सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।