अमेठी सिटी। पड़ोसी जिले के प्रतापगढ़ के रहने वाले युवक को सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर संग्रामपुर थाना क्षेत्र के रहने वाली दो महिलाओं सहित पांच लोगों ने 3.4 रुपये ठग लिए। नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो अब उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। परेशान पीड़ित ने एसपी से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर संग्रामपुर थाने में दो महिलाओं सहित पांच पर केस दर्ज हुआ है।
प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर थाना क्षेत्र के गोड़वा चिकली गांव निवासी ऋषभ पाठक ने एसपी अपर्णा रजत कौशिक को शिकायती पत्र देकर केस दर्ज करवाने की मांग की थी। ऋषभ पाठक का आरोप है कि संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पांडेय का पुरवा बड़गांव गांव निवासी अशोक कुमार पांडेय, विपिन, आदित्य, सुनीता व सलोनी ने उन्हें सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3.4 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि जब नौकरी नहीं मिली तो रुपये वापस मांगा। उन्हें जान से मरवाने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उन सभी आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2016 में संग्रामपुर और वर्ष 2019 में अयोध्या जिले के खंडासा थाने में ठगी सहित कई धाराओं में केस दर्ज हैं। ऋषभ पाठक के शिकायती पत्र को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने संग्रामपुर एसएचओ को केस दर्ज करने का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसएचओ संदीप राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।