गौरीगंज (अमेठी)। तब्लीगी या किसी अन्य जमात में शामिल होने वालों पर कार्रवाई के लिए शासन के निर्देश पर जिले में चार स्कूलों को अस्थाई करागार बनाया गया है। मुख्य सचिव का निर्देश मिलने के बाद डीएम ने स्कूलों को अग्रिम आदेश तक अधिग्रहीत करते हुए प्रबंधक को पत्र जारी किया है। पत्र में संस्थान में मौजूद सुविधा व स्टाफ को तत्काल हस्तगत करने का निर्देश देते हुए सहयोग देने को कहा है।
कोविड-19 महामारी अधिनियम के तहत डीएम अरुण कुमार ने अस्थाई कारागार के लिए तहसीलवार स्कूलों का अधिग्रहण किया है। डीएम ने गौरीगंज में मनीषी महिला पीजी कॉलेज, अमेठी में आरआरपीजी कॉलेज, मुसाफिरखाना में एएच इंटर कॉलेज तथा तिलोई के इन्हौना स्थित राजकीय इंटर कॉलेज को अस्थाई कारागार बनाया है।
डीएम ने सभी स्कूलों के प्रबंधक/प्रधानाचार्य को पत्र जारी कर अग्रिम आदेश तक स्कूल में मौजूद फर्नीचर, साज-सज्जा, एवं अन्य उपकरण तथा स्टॉफ समेत एसपी व सीएमओ को तत्काल हस्तगत कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
डीएम ने बताया कि अस्थाई कारागार के रूप में अधिग्रहीत स्कूल में ऐसे लोगों को रखा जाएगा जो तब्लीगी या अन्य किसी जमात से जुड़े हों। गिरफ्तारी के बाद इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें यहां रखा जाएगा। डीएम ने एसपी से चारों अधिग्रहीत स्कूल की शांति व सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाने को कहा है।
अब तक नहीं मिला कोई जमाती
तब्लीगी जमात से जुड़े लोगों की खोज जिले में भी हुई। लेकिन अब तक पुलिस प्रशासन को जिले में एक भी जमाती नहीं मिला है। शासन प्रशासन के साथ जिलेवासियों के लिए भी जमातियों का नहीं मिलना राहत की बात है।