दो करोड़ से विकसित होंगे चार धार्मिक स्थल
क्रासर
मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना में हुआ चयन
विधायकों के प्रस्ताव पर शासन ने लगाई मोहर
लोक निर्माण विभाग से आगणन तैयार कर मांगा प्रस्ताव
फोटो संख्या-1
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीगंज/भेटुआ (अमेठी)। शासन ने जिले के चार धार्मिक स्थलों का चयन मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना के तहत करते हुए उन्हें विकसित कराने का निर्णय लिया है। महानिदेशक पर्यटन ने क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी व डीएम को स्थलों के चयन की सूची भेजते हुए लोक निर्माण विभाग से सभी स्थलों को 50-50 लाख रुपये की लागत का आगणन तैयार कराकर प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा है।
विधायकों के प्रस्ताव पर शासन ने जिले की सभी चार विधानसभा क्षेत्र के एक-एक धार्मिक स्थल का चयन मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना के तहत किया है। शासन ने जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में सिद्धदास जू महाराज आश्रम, गौरीगंज में दंडेश्वर महादेव मंदिर, तिलोई में राम जानकी मंदिर जमुरवा तथा अमेठी के बर्तला में बाबा स्वामी परमहंस कुटीर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए चयनित किया है। चयन के बाद महानिदेशक पर्यटन ने सभी स्थलों का विकास 50-50 लाख रुपये की लागत से कराने के लिए संबंधित क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी व डीएम को चयन सूची की प्रति भेजते हुए लोक निर्माण विभाग से ड्राइंग समेत आगणन तैयार कराकर प्रस्ताव चार प्रतियों में शासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। गौरतलब होगा कि यह सभी धार्मिक स्थल अपने क्षेत्र में आस्था केंद्र के रूप में मशहूर हैं। यहां बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग नियमित रूप से दर्शन पूजन के लिए आते हैं। इन स्थलों का विकास होने से यहां श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोत्तरी होने के साथ ही रोजगार का अवसर बढ़ेगा।
इनसेट
कार्यदायी संस्था नामित
धार्मिक स्थलों को पर्यटक स्थल के रूप में चयन करने के बाद शासन की ओर से कार्यदायी संस्था भी नामित कर दी गई है। महानिदेशक की ओर से डीएम को भेजे गए पत्र के अनुसार राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड अयोध्या शाखा को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। डीएम अरुण कुमार ने एक्सईएन पीडब्ल्यूडी को चयनित स्थलों पर भूमि उपलब्धता के आधार पर 50-50 लाख रुपये की कीमत से होने वाले कार्यों का आगणन/प्रस्ताव तैयार कर चेकलिस्ट व ड्राइंग के साथ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।