अमेठी सिटी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गड़ेरी गांव में बारिश के पानी से भरे सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान एक ही परिवार के चार लोग गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गए। परिजनों के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से चारों लोगों को बाहर निकाल कर एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गड़ेरी गांव निवासी रामआसरे वर्मा के घर के पास स्थित शौचालय के सेप्टिक टैंक में बारिश का पानी भर गया था, जिसके कारण दिक्कत हो रही थी। सेप्टिक टैंक में भरे पानी को राम आसरे के परिजन गड्ढे से निकाल रहे थे। पानी निकालते समय राम आसरे के बेटे पंकज वर्मा व क्षितिज गड्ढे में गिर गए। उनको बचाने के लिए पंकज वर्मा व राम आसरे वर्मा भी गड्ढे में उतरे और बेहोश होकर गिर गए।
परिजनों ने चारों लोगों को बेहोश देख कर शोर मचाया। परिजनों व ग्रामीणों की मदद से चारों लोगों को सेप्टिक टैंक के गड्ढे से बाहर निकाला गया। परिजनों की सूचना पर पहुंचे एंबुलेंसकर्मियों की मदद से चारों को सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल गौरीगंज रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चारों की हालत में सुधार होने के बाद चिकित्सकों ने घर जाने की अनुमति दे दी।
दम घुटने या जहरीली गैस की हो रही चर्चा
संग्रामपुर के गांव गड़ेरी में शौचालय टैंक की सफाई के दौरान चार लोगों की बेहोशी का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार दम घुटने या जहरीली गैस की वजह से चारों लोग बेहोश हो गए। फिलहाल जिला प्रशासन ने इस मामले में अनभिज्ञता व्यक्त की है। एसडीएम आशीष सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है।