गौरीगंज (अमेठी)। राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। निकायों में बीएलओ, पर्यवेक्षक व सेक्टर ऑफीसर को नियुक्त करने के लिए जिम्मेदारों को निर्देश दिया गया था। नियुक्त बीएलओ को एक अक्तूबर से घर-घर जाकर मतदाता सूची को दुरुस्त करने को कहा गया था। हालांकि आदेश के चार दिन बाद भी जिला मुख्यालय के निकाय में घर-घर सर्वे नहीं शुरू हो सका है।
नवंबर व दिसंबर माह में निकाय चुनाव होने हैं। निकाय चुनाव से जुड़े हर पहलुओं पर माइक्रो ऑब्जर्वेशन के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग ने एक अक्तूबर से वार्डों में घर-घर जाकर बीएलओ को सर्वे करने का निर्देश दिया था। जिससे चुनाव से पहले मतदाता सूची में 18 वर्ष आयु पूर्ण करने वाले युवाओं, छूटे निवासियों का नाम जोड़ा जा सके तो वहीं पिछले पांच वर्ष में मरने वाले व्यक्तियों का नाम सूची से हटाया जाए।
निर्देश के बाद मुसाफिरखाना व अमेठी में बीएलओ को समय पर नियुक्त कराकर घर-घर सर्वे अभियान शुरू कर दिया गया है। लेकिन गौरीगंज नगर पालिका में चार दिन बीतने के बाद भी अभियान की शुरूआत नहीं हो सकी है। गौरीगंज नगर पालिका के एक से 16 तक के वार्ड में लेखपाल व 17 से 25 वार्ड में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को बीएलओ बनाया गया है। 25 वार्डों में तीन पर्यवेक्षक व एक सेक्टर ऑफीसर की तैनाती की गई है।