अमेठी सिटी। जिले के चार परिषदीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। प्रत्येक के निर्माण पर 5.65 लाख रुपये खर्च किए जाएंंगे। विद्यालय के प्रबंध समिति के खाते में पहली किस्त के तौर पर 2.95 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के 1,139 प्राथमिक, 234 उच्च प्राथमिक व 197 कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इन स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने के लिए कायाकल्प योजना से कार्य किया जा रहा है। चार परिषदीय स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष के निर्माण के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने पिछले दिनों लोक निर्माण विभाग से अनुमानित लागत तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजा था। जिसे स्वीकृति मिल गई है।
प्रति स्कूल पांच लाख 65 हजार रुपये से अतिरिक्त कक्षा-कक्ष का निर्माण कार्य कराया जाएगा। शासन प्रस्तावित स्कूलों के खाते में पहली किस्त भेजते हुए निर्माण समिति को मानक के अनुसार कार्य पूरा कराते हुए रिपोर्ट व उपभोग प्रमाणपत्र देने को कहा गया है। निर्माण में लापरवाही या मानक की अनदेखी होने पर निर्माण कार्य प्रभारी से रिकवरी की चेतावनी दी गई है।
इन स्कूलों में होगा निर्माण
जिला समन्वयक निर्माण आकाश श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिक स्कूल डेढ़ पसार, बरियारपुर, गैरिकपुर व अलीपुर में निर्माण कार्य को मंजूरी मिली है। पहली किस्त के रूप में 2.95 लाख रुपये जारी किए गए हैं। बीएसए संजय कुमार तिवारी ने बताया कि प्रस्तावित स्कूलों में निर्धारित समय में मानक के अनुसार निर्माण कार्य कराया जाएगा। निर्माण की निगरानी के लिए नोडल अफसर नामित किए गए हैं।