अमेठी सिटी। ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाले चार संपर्क मार्गों के दिन जल्द बहुरेंगे। इनकी मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए शासन ने 43.91 लाख रुपये भी जारी कर दिए हैं। कार्यदायी संस्था के चयन के बाद दो माह में मरम्मत कार्य काम पूरा करवाया जाएगा। इन सड़कों के दुरुस्त होने से करीब 50 हजार की आबादी का आवागमन आसान हो जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़कों की दशा बेहद खराब है। संग्रामपुर क्षेत्र के सरैया मोहन संपर्क मार्ग, परतोह संपर्क मार्ग, लंकापुर संपर्क मार्ग और जंगलरामनगर संपर्क मार्ग के जर्जर होने से लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत के लिए पत्र लिखा था।
इसके बाद प्रांतीय खंड ने सड़कों का सर्वे करवाया था। पीडब्ल्यूडी ने सड़कों के नवनिर्माण के लिए 43.91 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इसके बाद शासन ने बजट जारी कर दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि मई तक ये सड़कें दुरुस्त हो जाएंगी।
जल्द शुरू होगा काम
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि दो सड़कों के नवनिर्माण व पांच साल तक अनुरक्षण के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए शासन ने बजट जारी कर दिया है। निविदा के माध्यम से कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही सड़को की मरम्मत शुरू करा दी जाएगी।