गौरीगंज (अमेठी)। रंगों के पर्व होली के साथ पंचायत चुनाव में बड़े पैमाने पर मिलावटी शराब की बिक्री रोकने के लिए सक्रिय पुलिस टीम ने बुधवार को चार शराब तस्करों को धर दबोचा। पकड़े गए तस्करों के पास से पुलिस ने 35 पेटियों में रखी 1,575 शीशी मिलावटी शराब बरामद की।
जिले में मिलावटी शराब की तस्करी प्रतिबंधित करने के लिए सक्रिय स्वाट टीम प्रभारी विनोद कुमार यादव और प्रभारी निरीक्षक अमेठी श्याम सुंदर ने मंगलवार रात बाईपास के पास बाइक सवार संदिग्ध को दो पेटी शराब के साथ पकड़ा। उसकी पहचान कोहरा निवासी साहबदास के रूप में हुई।
साहबदास की निशानदेही पर पुलिस टीम ने सांगीपुर के सूबेदार का पुरवा में छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने कोहरा निवासी चंदन विश्वकर्मा, नौगीर निवासी राजेंद्र व सोनू को पकड़ने के साथ ही 33 पेटी मिलावटी शराब व बड़ी मात्रा में रैपर व बारकोड बरामद किया।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो लोग मौके से भाग निकले। पकड़े गए लोगों ने बताया कि बरामद शराब मिलावटी है। इसे उन लोगों ने होली व चुनाव में खपाने के लिए तैयार कराया है। शीशी पर लगा रैपर व बारकोड भी नकली है। बुधवार दोपहर बाद एएसपी विनोद कुमार पांडेय ने मामले का खुलासा करते हुए शराब तस्करों को पकड़ने वाली संयुक्त टीम की सराहना की।