अमेठी सिटी। दीपावली और छठ पर्व के करीब आते ही ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। जिले से होकर गुजरने वाली लगभग सभी प्रमुख ट्रेनों में आरक्षित सीटें फुल हो चुकी हैं। दीपावली से पहले किसी भी लंबी दूरी की ट्रेन में स्लीपर और एसी श्रेणी की सीटें उपलब्ध नहीं हैं। घर वापसी कर रहे परदेसियों की तत्काल टिकट पर निगाहें टिकी हैं।
त्योहार के अवसर पर दिल्ली, मुंबई, पंजाब, गुजरात और महाराष्ट्र में कार्यरत कामकाजी लोग, छात्र और मजदूर घर लौटने की तैयारी में हैं, लेकिन बढ़ती भीड़ के कारण बुकिंग पहले ही फुल हो चुकी है। रेलवे के अनुसार अधिकांश लंबी दूरी की ट्रेनों में बुकिंग दो माह पहले ही पूरी हो गई थी, जिसके चलते अब यात्रियों को वेटिंग टिकट भी नहीं मिल पा रहा है। त्योहार विशेष ट्रेनों में भी नो रूम की स्थिति बनी हुई है।
कई यात्री मजबूरी में बिना आरक्षण के यात्रा करने की योजना बना रहे हैं। उद्योगनगरी, भोपाल एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, पंजाब मेल, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस और गरीब रथ एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में 19 से 23 अक्तूबर तक नो रूम की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में तत्काल कोटे से टिकट बुक कर लोग अपनी यात्रा का प्लान कर रहे हैं।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि दीपावली पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। स्लीपर और एसी दोनों श्रेणियों में प्रतिदिन तत्काल व सामान्य कोटे से टिकट बुकिंग की जा रही है। अब स्लीपर व एसी में वेटिंग की सीट निर्धारित होने और पहले से टिकट बुक होने से नो रूम की स्थित बन रही है।