अमेठी सिटी। मौसम का बदलता मिजाज लोगों की सेहत पर असर डालने लगा है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में खांसी, सांस फूलने, सीने में भारीपन और एलर्जी की शिकायत लेकर मरीज पहुंचे। फिजिशियन कक्ष के बाहर बुजुर्ग मरीज भी अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। कई मरीजों ने रात में खांसी बढ़ने और सांस लेने में परेशानी की शिकायत की।
गौरीगंज क्षेत्र के पैंगा गांव निवासी कांति देवी ने बताया कि दो-तीन दिन से खांसी आ रही है। थोड़ा चलने पर सांस फूलने लगती है। अरगवां गांव के रामकृपाल मौर्य को सीने में भारीपन और सांस लेने में परेशानी है। नरौली की कमलेश कुमारी ने बताया कि लगातार खांसी आने से रात में नींद नहीं आती। गौरीपुर की वंदना को सांस लेने में दिक्कत के साथ कमजोरी महसूस हो रही है।
फिजिशियन डॉ. अमित यादव ने बताया कि मौसम बदलने पर धूल और धुएं के संपर्क से सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। अस्थमा के मरीज नियमित दवा लें और चिकित्सकीय सलाह का पालन करें। डॉ. शुभम पांडेय ने ठंडी हवा, धूल और प्रदूषण से बचने की सलाह दी। लगातार खांसी, सीने में जकड़न या सांस फूलने पर खुद दवा लेने के बजाय जांच करानी चाहिए।
सांस की परेशानी से बचने के उपाय
- धूल और धुएं के संपर्क में आने से बचें।
- सुबह-शाम ठंडी हवा से बचाव करें।
- अस्थमा के मरीज निर्धारित दवा और इनहेलर नियमित लें।
- घर के आसपास साफ-सफाई रखें।
- सांस लेने में अधिक परेशानी होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचें।
अस्पताल में उपलब्ध हैं जरूरी दवाएं
सीएमओ डॉ. रमेश ने बताया कि जिला अस्पताल में सालबुटामोल, लेवोसालबुटामोल, बुडेसोनाइड और इप्राट्रोपियम जैसी दवाएं उपलब्ध हैं। मरीजों को जांच के बाद जरूरत के अनुसार दवाएं दी जा रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर इनहेलर और नेबुलाइजेशन से उपचार किया जाता है। ओपीडी और इमरजेंसी में भी मरीजों को इलाज की सुविधा मिल रही है।