तिलोई(अमेठी)। तिलोई के जिला रेफरल चिकित्सालय में निरीक्षण के दौरान डीएम निशा अनंत ने अव्यवस्था व कमियां मिलने पर जिम्मेदारों को फटकार लगाई। साथ ही सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसामान्य का हिमोग्लोबिन की जांच करने के लिए अभियान चलाने की बात कही।
डीएम निशा अनंत ने बुधवार को अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। अस्पताल में डॉक्टर व स्टाफ की सूची, सामग्री, उपकरण की सूची प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉक्टर रीना शर्मा से लेने का निर्देश सीएमओ को दिए। ओपीडी में मरीजों से जानकारी ली। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को आने वाले मरीजों का पूर्ण विवरण रजिस्टर में भरने के निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान शौचालय गंदा मिलने एवं अस्पताल परिसर की बिल्डिंग जगह-जगह क्षतिग्रस्त मिली। सफाई व्यवस्था तथा बिल्डिंग के रखरखाव बेहतर करने का निर्देश प्राचार्य को दिया। डीएम ने चिकित्सकों को निर्धारित समय पर ओपीडी में उपलब्ध रहकर मरीजों काे बेहतर ढंग से उपचार करने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ रीना शर्मा, सीएमएस मेडिकल कॉलेज डॉ आजम खान सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।