बाजार शुकुल (अमेठी)। बाइक से महोना गए पांच युवकों का किसी बात पर कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद के एक बाइक से जान बचा कर भाग रहे युवकों की बाइक बेकाबू होकर फुंदनपुर के पास ट्री-गार्ड से टकरा गई।
दुर्घटना में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार की हालत गंभीर बनी है। पुलिस मृतक के घायल के पिता की तहरीर पर सात लोगों पर केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
बाजारशुकुल थानाक्षेत्र के काजीपुर निवासी विनय कुमार (19), संदीप (20), अखिलेश (20) शिवचंद (20) सोमवार की देरशाम एक ही बाइक से महोना पश्चिम बाजार गए थे। बाजार में विवाद होने पर सभी बाइक से भागने लगे। रास्ते में जैनबगंज के पास गांव के अमनदीप को देख बाइक पर बैठा लिया। सभी रानीगंज मार्ग से लौट रहे थे तभी बाइक फुंदनपुर के पास ट्री-गार्ड से टकरा गई। दुर्घटना में विनय की मौके पर मौत हो गई। अन्य चारों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला अस्पताल से परिजन घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग स्थान ले गए। घायल अखिलेश के पिता चेतराम की तहरीर पर पुलिस ने इस्लाम, मुख्तार, फैजल के दो पुत्र, समीर नाई, छोटू व इरफान के खिलाफ केस दर्ज कर किया।
केस दर्ज करने के बाद फोर्स की मौजूदगी में अंतिम संस्कार करवाया। एसओ अवनीश कुमार चौहान ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर सात आरोपियों के विरुद्ध केस दर्जकर जांच की जा रही है।
छावनी में तब्दील रहा गांव
विनय की मौत के बाद लोगों के बीच हो रही चर्चा को देखते हुए रात से ही गांव व थाने को छावनी में तब्दील कर दिया। परिजनों को समझा-बुझा तहरीर लेकर केस दर्ज करने के बावजूद पोस्टमॉर्टम के बाद शव गांव पहुंंचा तो पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात हो कर निगरानी करने में जुटी रहीं। शव का अंतिम संस्कार होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।